इंदरगढ़। मंगलवार रात दो बजे से लापता किशोरी का शव बुधवार देर की गांव के बाहर बरगद के पेड़ से लटका मिला। शव देख परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जब शव को उतारने पहुंचीं तो परिजनों ने विरोध किया। सीओ के समझाने पर परिजन माने। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाक्षेत्र के गुदारा गांव निवासी सुनील कुमार ने बताया कि मंगलवार रात बेटी सोनाली (15) अपनी मां के साथ सो रही थी। रात दो बजे के करीब शौच की बात कहकर चली गई और दोपहर तक वापस न आने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। बुधवार की देर शाम गांव के बाहर बरगद के पेड़ पर रस्सी के फंदे शव लटका मिला।
राहगीरों ने परिजन को सूचना दी। परिजनों ने एक युवक पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाकर पुलिस को शव फंदे से उतारने से मना कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ कुलवीर सिंह ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई। सीओ ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।