छिबरामऊ (कन्नौज)। सौरिख-बिधूना मार्ग पर बुधवार को पूर्वी बाईपास से रिश्तेदार को लेकर घर लौट रहे युवक की बाइक में पीछे से कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बैठे मासूम समेत चार लोग घायल हो गए। राहगीरों ने निजी वाहन से घायलों को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया।
औरैया जनपद के ऐरवाकटरा निवासी अमर (20) हरदोई के थाना पाली के परेली गांव निवासी मौसी आरती (30) और उनके एक वर्षीय पुत्र बेटू को लेने पूर्वी बाईपास पर आया था। साथ में परिवार की लक्ष्मी (20) भी थी। चारों बाइक से घर लौट रहे थे। सौरिख-बिधूना मार्ग पर बाबा की बगिया के सामने पीछे से तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। चारों बाइक से उछलकर सड़क पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग निकला। राहगीरों ने चारों को निजी वाहनों से सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि हादसे की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।