कन्नौज। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त दो अगस्त को जारी होगी। डीबीटी के जरिए किसानों के खाते में 20वीं किस्त के रुपये भेजे जाएंगे। इसको लेकर जिले से 2.34 लाख किसानों का डाटा भेजा गया है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल छह हजार की सहायता दी जाती है। जो तीन किस्तों में मिलती है। प्रत्येक किस्त में दो हजार की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के जरिए भेजी जाती है। कृषि विभाग के अनुसार 2,95,302 किसान पंजीकृत हैं। उप कृषि निदेशक संतोष कुमार यादव ने बताया कि योजना के तहत किसानों को हर साल छह हजार रुपये तीन किस्तों में दिए जाते हैं। प्रत्येक चार माह में एक किस्त जारी की जाती है। वर्ष 2019 से शुरू हुई योजना के तहत अब तक 19 किस्तें हस्तांतरित की जा चुके हैं।
उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वह पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त जारी करने के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रम से जरूर जुड़ें। इस पूरी प्रक्रिया में कृषि विज्ञान केंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। साथ ही दो अगस्त को ग्राम पंचायत, न्याय पंचायत, ब्लाक और जिला स्तर पर कार्यक्रम किया जाएगा। इसमें किसान प्रतिभाग करेंगे। किसानों को योजनाओं संबंधी जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृ़षि विज्ञान केंद्र अनौगी में भी कार्यक्रम किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर विभाग तैयारी करने में जुट गया है।