छिबरामऊ। कृषि उत्पादन मंडी समिति में टट्टर की आढ़त तोड़कर चोरों ने केबिन में रखी मेज की गोलक तोड़ 20 हजार रुपये पार कर दिए। आढ़ती ने कार्रवाई के लिए मंगलवार को पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, दूसरी तरफ अक्सर आढ़तों से होने वाली चोरियों से व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्याप्त है।
नगर के पीपल वाली गली निवासी रतन गुप्ता की कृषि उत्पादन मंडी समिति में दयानंद रतन कुमार के नाम से आढ़त है। सोमवार रात चोर आढ़त के पिछले हिस्से का टट्टर तोड़ अंदर घुस गए। इसके बाद मेज के लॉकर को तोड़कर चोरों ने नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब रतन गुप्ता आढ़त पर पहुंचे तो मेज का लॉक खुला देख चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि मेजर की लॉकर में रखे 20 हजार रुपये गायब थे। गल्ला आलू व्यापारी संघ के मीडिया प्रभारी पंकज प्रसाद दुबे ने बताया कि मंडी समिति में पुलिस चौकी में 24 घंटे सुरक्षा कर्मी मौजूद रहते हैं। इसके बाद भी चोर आढ़तों से मूंगफली, मक्के, धान व गेहूं आदि के पैकेट चोरी कर ले जाते हैं। अब तक छह आढ़तों से चोरी की घटना हो चुकी है। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।