हादसे के बाद सड़क पर पड़े घायल।
- फोटो : KANNAUJ
मानीमऊ(कन्नौज)। तेज रफ्तार टैंकर ने जीटी रोड पर टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार महिला की मौत हो गई। टेंपो में सवार अन्य दस सवारियां घायल हो गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
गुरुवार दोपहर दो बजे टेंपो चालक कन्नौज से अरौल के लिए सवारियां ले जा रहा था। जीटी रोड पर कोल्ड स्टोर के सामने टैंकर ने टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार सदीकापुर निवासी हसमुखदीन की 50 वर्षीय पत्नी खुर्शीदा बेगम की मौत हो गई। हसमुखदीन, मधुपुर निवासी रामभजन की पत्नी सुधा, जिला बरेली के थाना फतेगंज नगरिया की नीलम पत्नी मुनेश पाल सिंह समेत अन्य दस सवारियां घायल हो गईं।
हादसे की जानकारी पर मानीमऊ चौकी पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। खुर्शीदा बेगम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं हादसे को अंजाम देकर चालक टैंकर लेकर भाग गया।