मानीमऊ(कन्नौज)। हादसे के तीसरे दिन मंगलवार को व्यापारी के बेटे तनू का शव हादसे वाली जगह से करीब पंद्रह किमी दूर मिला। शव कानपुर देहात में अरौल के पास आंखिन घाट पर गंगा नदी में किनारे की ओर कम पानी में फंसा था। एक हाथ कुत्तों और जानवरों ने नोंचकर खा लिया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गुरसहायगंज के जवाहर नगर में रहने वाले किराना व्यापारी संतोष गुप्ता का बेटा तनू(25) और रामगंज के किराना व्यापारी सर्वेश गुप्ता का बेटा शिवम(20) शनिवार की शाम गंगा में स्नान करते समय डूब गए थे। एक दिन शव न मिलने पर कानपुर पीएसी की रेस्क्यू टीम बुलाई गई। गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने सोमवार को आधा किमी दूर दुर्जनापुर घाट के पास से शिवम का शव खोज लिया था। मंगलवार सुबह तनू की फिर से तलाश शुरू की गई।
पीएसी, मेहंदी घाट पुलिस की स्टीमर के साथ तनू और गुरसहायगंज के मानिकचंद्र के परिजन स्टीमर से तलाश में रहे। मानिकचंद्र 24 जून को गंगा में डूब गए थे। इनका अब तक पता नहीं चला। स्टीमर कानपुर देहात में अरौल के आंखिन घाट के पास पहुंचे। यहां तेज दुर्गंध आने पर आसपास तलाश शुरू की गई। पास ही कम पानी वाली जगह शव फंसा मिला। परिजनों ने तनू के रूप में पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, मानिकचंद्र के परिजनों के हाथ फिर मायूसी लगी है।