तिर्वा। छात्रा के साथ चार दिन पहले गांव के एक किशोर ने दुष्कर्म किया और मक्के के खेत में छोड़कर फरार हो गया। खून से लथपथ छात्रा की चीख सुनकर मां खेत पर पहुंच गई। उसने छात्रा को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां पर उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 11 वर्षीय बालिका कक्षा सात की छात्रा है। परिजनों ने बताया कि छात्रा 15 जुलाई को खेत से मां को बुलाने के लिए गई थी। रास्ते में गांव के 15 वर्षीय किशोर ने छात्रा को पकड़ लिया और मक्के के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोपी खून से लथपथ छात्रा को खेत में छोड़कर फरार हो गया। उसी दौरान वहां से गुजर रही छात्रा की मां ने मक्का के खेत से बेटी के चीखने की आवाज सुनीं और वह खेत में पहुंची। वहां पर पुत्री खून से लथपथ पड़ी थी। ग्रामीणों की मदद से पुत्री को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां पर उसका इलाज चल रहा है। कोतवाल वीरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।