कन्नौज। कोविड टीकाकरण में तेजी लाने के लिए सरकार हर संभव कोशिश में जुटी है। इसी के तहत अब अगले महीने से घर के करीब केंद्र बनाकर लोगों के टीकाकरण की तैयारी है। इसके लिए लोगों को ‘बुलावा पर्ची’ भेजी जाएगी। यह ठीक वैसी है, जैसी लोकसभा-विधानसभा व अन्य चुनाव में मतदान के लिए भेजी जाती है।
बुलावा पर्ची में टीकाकरण की तिथि और स्थान दर्ज होगा। इसमें ग्राम प्रधान, लेखपाल, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक, पंचायत सचिव और युवक मंगल दल, महिला मंगल दल का भी सहयोग लिया जाएगा। समुदाय के सहयोग से ही जिले में अगले महीने (जुलाई) से हर रोज अधिक से अधिक लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया जाएगा। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने पत्र भेज कर टीकाकरण की रूपरेखा तय की है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विकास खंड और शहरी क्षेत्र में शहरी निकाय को इकाई के रूप में लेकर कार्ययोजना बनानी है। इन इकाइयों को क्लस्टर में विभाजित किया जाएगा। इससे कि एक माह के अंदर टीकाकरण टीमें सभी क्लस्टर में पहुंच जाएं। यह चल टीमें टीकाकरण के अतिरिक्त अस्पतालों, आरोग्य व स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य भवनों पर स्थिर टीकाकरण (स्टेटिक) केंद्रों में भी पहुंचेंगी। क्लस्टर में टीकाकरण करने वाली टीमों के समूह को क्लस्टर वैक्सीनेशन ग्रुप कहा जाएगा।
राजस्व ग्राम में टीकाकरण के प्रति जागरुकता लाने और अनुकूल वातावरण बनाने वाली टीम को मोबिलाइजेशन टीम कहा जाएगा। क्लस्टर के सभी राजस्व ग्रामों की टीमों के समूह को क्लस्टर मोबिलाइजेशन ग्रुप कहा जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनोद कुमार का कहना है कि प्रत्येक क्लस्टर के लिए टीकाकरण की तिथियां एवं स्थान पूर्व से ही घोषित कर दिए जाएंगे। इन सभी स्थलों पर वहीं पर रजिस्ट्रेशन करने की सुविधा होगी। घर के नजदीक केंद्र बनाकर टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए पंचायत घर, विद्यालय भवन या अन्य परिसर का उपयोग होगा। क्लस्टर में टीकाकरण टीम के पहुंचने से पहले क्लस्टर की मोबिलाइजेशन टीम तीन दिन तक लोगों को वैक्सीन व वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी देने के साथ ही संशय मिटाने का काम करेगी।