समधन में निर्माणाधीन अस्पताल में बंद पड़ा काम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
समधन में बीते दो माह से शासन की ओर से निर्माणाधीन अस्पताल का कार्य दो माह से ठप है। जिससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है।
तालग्राम विकास खंड के नगर पंचायत समधन में बन रहे अस्पताल का निर्माण कार्य करीब दो माह से ठप है।
जिसको लेकर चिंतित मानवाधिकार जिला अध्यक्ष तौफीक हुसैन, सभासद राजू यादव, इरफान खां, निहाल खां, महफूज खां, परवेज आदि लोगों ने बताया कि काफी प्रयासों के बावजूद मुख्यमंत्री की ओर से नगर में दो साल पहले अस्पताल बनवाए जाने की घोषणा की गई थी। उसके बाद से बीते साल से काम शुरू हुआ था। लेकिन यह कार्य धीमी गति के चलने के बाद करीब दो माह से बंद पड़ा हुआ है। जिससे इस अस्पताल का निर्माण कार्य कब पूरा होगा।
इसको लेकर हम सभी लोग चिंतित है। जबकि अस्पताल कार्य को जल्द पूरा कराए जाने के लिए जन प्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक को कई बार अवगत कराया गया। लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। अस्पताल का अधूरा काम लोगों को मुंह चिढ़ा रहा है। नगर पंचायत चेयरमैन नकीम अहमद ने रुके पड़े निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराए जाने के लिए जिलाधिकारी डा. अशोक चंद्र ने मांग की है।
ठेकेदार, राघवेंद्र सिंह ने कहा कि अस्पताल के निर्माण की जिम्मेदारी राज्य निर्माण निगम को गई थी।। इसे 6 करोड़ की लागत से बनाया जाना है। 2014-15 में मात्र एक करोड़ रुपये रिलीज किया गया था। जिससे काम करा दिया गया है। दूसरी किस्त न मिलने की वजह से काम रुका हुआ है।