छिबरामऊ। गलत इंजेक्शन लगने से हुई छात्रा रुचि गुप्ता की मौत के मामले में मुख्य आरोपी श्रीकृष्णा हॉस्पिटल संचालक व कंपाउंडर को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को एसीजेएम छिबरामऊ की अदालत में पेश किया गया और वहां से जेल भेज दिया।
ग्राम बेहटा खास, हाल निवासी मोहल्ला बुद्धू कूंचा राजेश गुप्ता की बेटी रुचि गुप्ता (16) को बुखार आने पर 18 मई को पत्नी अर्चना गुप्ता ने इलाज के लिए नेशनल हाईवे पर कांशीराम काॅलोनी के पास श्रीकृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान इंजेक्शन लगते ही उसकी हालत बिगड़ गई और फर्रुखाबाद ले जाते समय रुचि की मौत हो गई।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने हॉस्पिटल संचालक वैभव दुबे, चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि कस्बा इंचार्ज राजेश प्रताप सिंह ने आरोपी चिकित्सक व कंपाउंडर उत्कर्ष को फर्रुखाबाद रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तारी किया है। एसीजेएम छिबरामऊ में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।