चपुन्ना(कन्नौज)। प्राथमिक विद्यालय रेरीरामपुर के खेल मैदान पर शनिवार को न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राथमिक स्तर पर हुई दौड़ में करन व जूनियर वर्ग में अजय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
न्याय पंचायत तरींद के सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्राथमिक स्तर पर बालकों की 50 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय कुंवरपुर के कक्षा चार के छात्र करन ने प्रथम, नगला चौधरी में कक्षा पांच के छात्र आकाश द्वितीय, सौ मीटर दौड़ में कुंवरपुर के करन व नगला चौधरी के शिवम द्वितीय स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग में 50 मीटर दौड़ में रेरी की छात्रा दीक्षा व रेरीरामपुर की रीता द्वितीय स्थान पर रहीं। इसी तरह जूनियर वर्ग की दौड़ में अजय प्रथम व अंकित द्वितीय स्थान पर रहे। लंबी कूद में जूनियर स्तर पर रेरीरामपुर के विवेक प्रथम स्थान पर रहे। इससे पहले ग्राम सभा रामपुर रेरी के प्रधान सुघर सिंह ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामसनेही ने विजेता छात्रों को शील्ड व मेडल प्रदान किए। इस मौके पर शिवमंगल सिंह, प्रशांत सिंह, मुकेश सिंह, कौशलेंद्र सिंह, अभय प्रताप सिंह, सुनील कुमार, पवन राजपूत व पूजा आदि मौजूद रहीं।