कन्नौज। उमर्दा ब्लाक की पांच गोशालाओं से 18 पशु लापता होने पर तिर्वा एसडीएम, बीडीओ उमर्दा व डिप्टी सीवीओ से जवाब-तलब किया है। दो दिन में गोवंशों की यथा स्थिति का पता कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर कार्रवाई कर शासन को पत्र भेजने के आदेश दिए।
ब्लाक उमर्दा की पांच गोशालाओं में 1605 गोवंशों की देखभाल की जा रही है। अस्थाई गोशाला में रखे गए गोवंशों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। चार जनवरी को अस्थाई गोशाला में रखे गए गोवंशों की जब समीक्षा की गई तो अफसरों ने 1605 गोवंश रखे होने की रिपोर्ट दी। गोशाला में बेहतर इंतजाम के निर्देश दिए गए। समय-समय पर गोवंशों का परीक्षण कर देखभाल को कहा गया। नोडल अधिकारियों ने जब इसकी जांच की तो 1605 में 1587 गोवंश पाए गए। अफसरों ने यह रिपोर्ट 10 जनवरी को जिलाधिकारी की समीक्षा बैठक में दी।
छह दिन में 18 गोवंश लापता होने पर वह चौंक गए। कम गोवंश मिलने के बाबत अधिकारी कुछ बता नहीं सके। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने तिर्वा एसडीएम, बीडीओ उमर्दा व डिप्टी सीवीओ से लापता 10 गोवंशों के बावत स्पष्टीकरण तलब किया है। इसमें दो दिन में जांच कर सही रिपोर्ट उपलब्ध कराने के आदेश देने के साथ संतोषजनक उत्तर न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।