तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैवतपुर कटरा गांव को एसबीआई ने डिजिटल गांव बनाने की कवायद शुरू कर दी है। गांव को सोलर लाइट, आरओ सिस्टम व वाईफाई से लैस किया जाएगा। ग्रामीणों के अधिक संख्या में खाते खुलवाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। गांव को सारी सुविधाओं से लैस होने के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उद्घाटन करेंगे।
ग्रामीणों को शहर की तर्ज पर सुविधाएं प्रदान करने के लिए मुख्य शाखा एसबीआई ने हैवतपुर कटरा गांव को चुना है। एसबीआई के मैनेजर पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि डिजिटिल गांव के चयन में जिलाधिकारी डा.अशोक चंद्र व सीडीओ उदयराज यादव ने गांव की आबादी सहित अन्य चीजों को देखकर मंजूरी प्रदान की है। एसबीआई ने गांव में सोलर लाइट सिस्टम, वाटर प्यूरीफाई लगवा दिया है। साथ ही सोलर के जरिए गांव में पर्याप्त मात्रा में रोशनी बनी रहे। गांव को वाईफाई सिस्टम से जोड़ने की कवायद चल रही है।
नोट बंदी के चलते बैंक में काम अधिक बढ़ गया है। इस कारण कुछ रुकावट हुई है, लेकिन कुछ दिन में सबकुछ सामान्य हो जाएगा। जिसके बाद गांव वाईफाई सिस्टम से लैस होगा। मुख्य विकास अधिकारी उदयराज यादव ने बताया कि एसबीआई गांव को डिजिटल बना रही है। बैंक की ओर से यह एक अच्छी पहल है। एसबीआई के अधिकारियों की मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उद्घाटन करने का आश्वासन दिया था। कार्य पूरा होने के बाद समय लिया जाएगा।
एसबीआई के बाबू से काम छिना
कन्नौज। शहर में नोटबंदी के बाद एक चर्चित व्यवसायी के नोट बदलने की चर्चाएं व छापेमारी का मामला कई दिनों तक गरमाया रहा। एसबीआई के मैनेजर पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि नोट बदलने के आरोप के चलते उच्चाधिकारियों की ओर से जांच की जा रही है। फिलहाल बाबू को बैठा दिया गया है किसी तरह का काम नहीं लिया जा रहा।