पीपल चौराहा के पास एक सर्राफ की दुकान में दीपावली
की देर रात किसी समय अचानक आग लग गई। दूसरे दिन सुबह जब दुकान से धुआं
निकलते देखा तो वहां हड़कंप मच गया। आग से दुकान का सभी सामान जलकर राख हो
गया। उधर, आतिशबाजी की चिंगारी से कबाड़ा की दुकान और एक मकान के बाहर लगे
उपलों के ढेर को अपनी चपेट में ले लिया।
उपलों के ढेर से लपटें निकलती देख
हड़कंप मच गया। मोहल्ला कटरा निवासी विकास वर्मा पुत्र सुरेश पाल वर्मा
की पीपल चौराहा के पास तनिष्का आभूषण के नाम से सर्राफ की दुकान है। बताया
कि दीपावली की शाम हवन-पूजन के बाद दुकान बंद कर वह घर चले गए। इस बीच देर
रात दुकान में आग लग गई।
दूसरे दिन सुबह राहगीरों ने जब दुकान से धुआं
निकलते देखा तो सूचना सर्राफा व्यवसायी को दी। जानकारी पर पहुंचे सर्राफा
व्यवसायी ने जैसे ही दुकान का शटर उचकाया तभी आग की लपटें निकलने लगी। किसी
तरह लोगों ने पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास किया, पर भीषण आग
के चलते वह बुझ न सकी।
इसके बाद पड़ोसी के यहां से सबमर्सिबल चलवाकर आग
बुझाई गई, पर जब तक आग बुझाई जाती तब तक दुकान का सभी सामान जल गया। लोगों
ने दुकान में दीपक की लौ से आग लगने की आशंका जताई है। वहीं सर्राफा
व्यवसायी ने शार्टसर्किट से आग लगने की बात कही है।
उधर, दीपावली के
त्योहार पर जहां लोगों ने आतिशबाजी छुड़ाकर मौज-मस्ती की,। वहीं उससे निकली
चिंगारियों ने एक कबाड़ की दुकान और एक मकान के बाहर लगे उपलों के ढेर को
चपेट में ले लिया। कबाड़ की दुकान में लगी आग से हजारों रुपये का नुकसान हो
गया।
बैजूरामपुर निवासी सलीम और इंदिरा आवास के रहने वाले मनीष सरदार की
साझे में जीटी रोड हाईवे किनारे ऊंची पुलिया के पास कबाड़ की दुकान है।
दीपावली की रात आतिशबाजी की चिंगारी से कबाड़ की दुकान में आग लग गई। ऊंची
लपटें देख वहां लोगों में हड़कंप मच गया।
किसी तरह लोगों ने पानी की
व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास किया, पर जब तक इस पर काबू पाया जाता तब
तक लगभग 15 हजार रुपये का सामान जलकर राख हो गया। उधर, मोहल्ला सराफान
निवासी आनंद मोहन यादव के मकान के बाहर रखे उपलों के ढेर में अचानक एक
राकेट आकर घुस गया। जिससे उपलों के ढेर में आग लग गई।
लोगों ने आनन-फानन
पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास किया, पर जब तक यह बुझाई जाती तब
तक उपले का ढेर जलकर राख हो गया। उधर, इसी मोहल्ले के गोविंद के मकान में
भी आसमानी आतिशबाजी से किसी तरह आग लग गई। जिससे घर का सामान जलकर राख हो
गया। किसी तरह उन्होंने आग बुझाई।