तालग्राम(कन्नौज)। मां की मौत से क्षुब्ध युवक ने शनिवार शाम ईशन नदी में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने नदी में कूदते देखकर परिजनों को जानकारी दी। सूचना पर तालग्राम और सौरिख पुलिस पहुंच गई। बारिश के कारण युवक की तलाश शुरू नहीं की जा सकी है।
थाना तालग्राम के भीकमपुर सानी गांव में किसान विश्वनाथ सिंह रहते हैं। इनकी पत्नी की 18 सितंबर को बीमारी के चलते मौत हो गई। बेटा आलोक सिंह(30) तब से परेशान रहने लगा था। शनिवार शाम वीरभान नगला और मझपुर्वा गांव के बीच आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के ईशन नदी पुल के नीचे पहुंच कर कूद गया। नदी का तेज बहाव होने के कारण वह डूब गया। ग्रामीणों ने युवक को कूदते देखकर परिजनों को जानकारी दी।
सूचना पर थाना प्रभारी कृष्णलाल पटेल और बेहटा चौकी प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि बारिश होने से अभी तलाश शुरू नहीं की जा सकी है। युवक के पिता ने बताया कि इकलौता बेटा था। मां की मौत से परेशान रहता था। पत्नी, दो पुत्रियां और दो बेटे हैं। घटना की जानकारी होते ही लोगों की भीड़ लग गई।