कन्नौज। रोटरी क्लब और अपर्णा हेल्थ केयर फाउंडेशन की ओर से निशुल्क कृत्रिम अंग वितरण, नेत्र ऑपरेशन सहित सेवन इन वन मेगा कैंप 25 अक्तूबर को लगाया जाएगा। इसमें सात विभिन्न बीमारियों की जांच और ऑपरेशन होंगे।
रोटरी क्लब शौर्य के चार्टर्ड प्रेसीडेंट अमिताभ गुप्ता एवं रोटरी क्लब के अध्यक्ष उमाकांत शुक्ला ने बताया कि कैंप में जिन व्यक्तियों के हाथ या पैर नहीं हैं, उन्हें निशुल्क आर्टिफिशियल अंग तुरंत बनाकर दिए जाएंगे। जयपुर फुट, पोलियो ग्रस्त के लिए कैलिपर्स, बैसाखी, व्हील चेयर भी वितरित की जाएंगी। नेत्र जांच में मोतियाबिंद के उपयुक्त मरीजों को निशुल्क बसों से शंकरा हॉस्पिटल कानपुर भेजकर ऑपरेशन कराया जाएगा और अगले दिन वापस लाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हार्निया, पथरी, किडनी, हाइड्रोसील, बच्चेदानी, अपेंडिक्स, प्रोस्टेट, गर्भाशय में गांठ का निशुल्क ऑपरेशन होगा। साथ ही नाक, कान, गला, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, फेफड़े और दांतों की जांच भी होगी। यह विशाल कैंप जीटी रोड स्थित तिर्वा क्रॉसिंग के निकट कोल्ड स्टोरेज में 25 अक्तूबर को सुबह 11 बजे से होगा। आधार की फोटो कॉपी लाना अनिवार्य है। जानकारी के लिए 9415146827 पर संपर्क कर सकते हैं।