हादसे के बाद मौके पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम(कन्नौज)। अंतिम संस्कार में शामिल होकर चाचा के साथ घर लौट रहे युवक की बाइक सड़क के गड्ढे में जाने से अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। चाचा घायल हो गए। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। बाइक चालक हेलमेट लगाए था। लॉक न होने से हेलमेट उछल कर दूर गिर गया। इससे सिर में गंभीर चोटें आ गईं।
थाना तालग्राम के फिरोजपुर तरेपुर्वा निवासी राजवीर उर्फ ललुआ यादव (23) फुफेरे भाई की मौत पर मैनपुरी के मदहाऊ में अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। साथ में चाचा कमलेश (28) भी थे। गुरुवार शाम पांच बजे के करीब छिबरामऊ-तालग्राम मार्ग पर अतरौली गांव के पास सड़क के गड्ढे में पहिया चले जाने से बाइक अनियंत्रित होकर गहरे खड्ड में गिर गई। हादसे में चाचा-भतीजे घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। यहां डॉ. योगेश राजपूत ने राजवीर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंच गए।
मृतक के भाई अंकित और संतोष ने बताया कि राजवीर तीन भाइयों में सबसे छोटा था। चार साल पहले शादी हुई थी। परिवार में पत्नी नेमा देवी और पुत्र रियांश (3) हैं। पुत्र की मौत से मां श्रीदेवी रो-रोकर बेहाल रहीं। पिता रामाधार की आठ साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। थाना प्रभारी कृष्णलाल पटेल का कहना है कि शव को कब्जे में लिया गया है। पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।