कन्नौज। दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 की संशोधित समय-सारिणी जारी हो गई है। समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शासन के पत्र 20 जुलाई और 22 अक्तूबर के क्रम में निदेशक समाज कल्याण ने शेड्यूल जारी किया है।
उन्होंने बताया कि मास्टर डेटा तैयार करने का काम 23 अक्तूबर से पांच नवंबर तक होगा। विश्वविद्यालय सात नवंबर तक पाठ्यक्रम सत्यापन करेंगे और 10 नवंबर तक डेटा लॉक किया जाएगा। एनएसपी पोर्टल पर पंजीकृत निजी संस्थानों की मार्किंग 24 अक्तूबर से 10 नवंबर तक होगी। नवीनीकरण के छात्रों के लिए 23 अक्तूबर से 13 नवंबर तक आवेदन जमा होंगे। संस्थानों द्वारा 15 नवंबर तक और विश्वविद्यालय द्वारा 18 नवंबर तक सत्यापन होगा। एनआईसी छह से 21 नवंबर तक स्क्रूटनी करेगा।
जनपदीय समिति 22 नवंबर से दो दिसंबर तक लॉक करेगी। तीन से छह दिसंबर तक मांग सृजन और सात से 11 दिसंबर तक खातों में भुगतान होगा। नवीन छात्रों का रजिस्ट्रेशन 13 नवंबर तक होगा। हार्डकॉपी 16 नवंबर तक जमा होगी। संस्थान 17 नवंबर और विश्वविद्यालय 25 नवंबर तक सत्यापन करेंगे। स्क्रूटनी 26 नवंबर से पांच दिसंबर, लॉक छह से 15 दिसंबर, मांग 16 से 20 दिसंबर और भुगतान 21 से 31 दिसंबर तक होगा। संदेहास्पद डेटा का निस्तारण जनवरी 2027 तक पूरा कर अंतिम भुगतान 31 जनवरी तक किया जाएगा। सभी संस्थानों को अंकपत्र, उपस्थिति और प्रवेश विवरण का सही परीक्षण कर ही आवेदन अग्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं।