कन्नौज। स्कूटी सिखाने के बहानेे नलकूप की कोठरी में किशोरी के साथ तीन युवकों ने दुष्कर्म किया। पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पॉक्सो, एससी-एसटी एक्ट व अन्य धाराएं लगाई गई हैं। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पास के गांव के ननदोई चार जुलाई को उसके घर दो युवकों के साथ स्कूटी से आए। इन्होंने कहा कि वह कांशीराम कालोनी में आवास दिला देंगे। इस बीच उनके साथ मौजूद दो युवक 13 वर्षीय बेटी को स्कूटी सिखाने की बात कह कर गली में ले गए। बेटी नहीं दिखी तो खोज शुरू की गई। रात लगभग 10:30 बजे तीनों लोग बेटी को बदहवास हालत में घर छोड़ गए।
बेटी की हालत के संबंध में बताया कि वह गिर गई है। इससे डरी हुई है। बाद में बेटी ने बताया कि यह लोग लोहिया पार्क के निकट नलकूप की कोठरी में ले गए थे। यहां दुष्कर्म किया। यह काम ननदोई ने कराया। महिला पीड़ित बेटी को लेकर शिकायत करने कोतवाली पहुंची। यहां सुनवाई नहीं हुई। महिला ने बताया कि वह मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचीं। यहां से सदर कोतवाली भेज दिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने किशोरी को बुधवार सुबह जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।