कन्नौज। सदर कोतवाली इलाके के गांव जेवां में चक मार्ग को जोत कर खेत में मिला लेने, अधूरे चक मार्ग के निर्माण में बाधा पहुंचाने के मामले में पूर्व प्रधान समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। ग्राम विकास अधिकारी की तहरीर पर यह कार्रवाई हुई है।
जेवां ग्राम पंचायत के सचिव अरविंद कुमार ने सदर कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें बताया कि जेवां गांव में खेत पर जाने के लिए चक मार्ग का निर्माण कराया गया था। इसे गांव के अमर सिंह, केशराम, राज बहादुर ने जोत कर अपने खेत में मिला लिया। इससे ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। पूर्व प्रधान जितेंद्र सिंह अपने खेत के निकट से निकले चक मार्ग पर मिट्टी डालने का कार्य नहीं होने दे रहे हैं। इस संबंध में गांव के रोजगार सेवक ऋषि कुमार, नीलेश, श्याम लाल, नीरज, महेश, रामवीर पाल, सुधाकर ने शिकायती पत्र जिलाधिकारी को दिया था।
इस पर जिलाधिकारी ने चक मार्ग पर कब्जा करने वालों व निर्माण रोकने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी आदेश के अनुपालन में खंड विकास अधिकारी जलालाबाद ने ग्राम विकास अधिकारी को संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। शनिवार को ग्राम विकास अधिकारी अरविंद कुमार ने ग्रामीणों के हस्ताक्षर वाले शिकायती पत्र के साथ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। इस पर पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ शिव प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस छानबीन कर कार्रवाई करेगी।