राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम को प्रभावी ढंग से
लागू कराने के लिए नगर पालिका कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शुक्रवार को अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहर क्षेत्र की प्रत्येक राशन
दुकान पर पहुंचकर व्यवस्थाएं जांची।
शहर क्षेत्र में राशन वितरण प्रणाली
को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए नगर पालिका जेई आकाशदीप ने कचहरी
टोला स्थित चंदा गुप्ता की राशन दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने
उपभोक्ताओं की सूची जांची। साथ ही खाद्यान्न को निर्धारित दर पर देने का
रिकार्ड खंगाला।
इसके अलावा दुकान के बाहर बोर्ड लगाया गया है, अथवा नहीं
को भी जांचा। इसी तरह दुकान के बाहर उपभोक्ताओं की सूची चस्पा हुई या नहीं
को भी जांचा। कोटेदार को निर्देश दिए कि हर उपभोक्ता को सूची के आधार पर
खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। साथ ही स्टाक को भी चेक किया जाए।
चेकिंग के
दौरान निर्धारित आवंटन से कम खाद्यान्न प्राप्त होने पर इसकी सूचना तत्काल
उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए, जिससे विक्रेता के विरुद्ध
कार्रवाई अमल में लाई जा सके। कहा कि चेकिंग के दौरान विक्रेता के यहां
आपत्ति रजिस्टर, नवीन आवेदन विषयक रजिस्टर को भी देखा जाए। छूटे हुए पात्र
गृहस्थियों के फार्मों को भी देखा जाए।
यह भी कहा कि जो फार्म उपलब्ध हों
उनकी जांच करने के बाद जिला पूर्ति कार्यालय में फार्मों को जमा किया जाए,
जिससे उनकी फीडिंग का कार्य कराया जा सके। यदि किसी पात्र व्यक्ति को सूची
में शामिल नहीं किया गया है, तो उसकी शिकायत प्राप्त कर उसे भी जिला पूर्ति
कार्यालय में प्रेषित किया जाए।
इसी तरह कई अन्य शिकायतों की भी जांच की
गई। नगर क्षेत्र में 27 दुकानों के पर्यवेक्षण कार्य की जिम्मेदारी अलग-अलग
विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों को सौंपी गई है, वह वितरण प्रणाली की
जांच करें और खामियों की रिपोर्ट पूर्ति अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत
करें।