तालग्राम। सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे में समझौता न करने पर आरोपियों ने पीड़ित महिला के घर पहुंचकर उत्पात किया। महिला, उसके ससुर और देवर की पिटाई की। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मारपीट का वीडियो वायरल होने पर एसपी ने संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक ने बताया कि 27 जुलाई की रात उसकी भाभी से आसमपुर पट्टी गांव निवासी शानू पटेल, निशू और विजय उर्फ बग्गड़ ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। आरोपी मुकदमे में समझौते का दबाव बना रहे थे। समझौता न करने पर शुक्रवार को सलेमपुर रामलीला देखने के लिए ई रिक्शा से जाते समय मारपीट की, फिर बाद में आरोपियों ने घर पर धावा बोल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित महिला के ससुर और देवर को सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां से ससुर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इधर, मारपीट का वीडियो वायरल होने पर एसपी प्रशांत वर्मा ने उसे संज्ञान में लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह का कहना है कि चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।