कन्नौज/छिबरामऊ। जीटी रोड के किनारे स्थित राष्ट्रीय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मिली रंजीत की मौत के राज से पर्दा नहीं उठा सका। हिरासत में लिए गए पिता और पुत्र आत्महत्या की बात की रहे है। इससे पुलिस अब हत्या और आत्महत्या के भंवर में उलझ गई।
क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में जीटी रोड के किनारे स्थित राष्ट्रीय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में अपने चाचा की जगह चौकीदारी करने के लिए गए रंजीत का शव स्टॉफ रूम में कुर्सी पर पड़ा मिला था। मृतक के चाचा अजय कुमार बाल्मीकि ने उसके हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार को पुलिस ने रंजीत के करीबी और उसके बेटे को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पिता और बेटे ने शराब के नशे में आत्महत्या करने की बात कही है। इससे पहले यह करीबी चीख-चीख कर रंजीत की हत्या को अंजाम देने की बात कह रहे थे। ऐसे में पुलिस का मानना है कि अगर रंजीत ने आत्महत्या की है तो तमंचा आखिर किसने गायब किया है। इस पर पिता और पुत्र सटीक जानकारी नहीं दे रहे है। फिलहाल रंजीत की हत्या हुई या फिर आत्महत्या पुलिस अभी तक ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। हत्या और आत्महत्या के आधार पर जांच शुरू की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।