महिला से जानकारी लेते एसआई अरिमर्दन सिंह। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
सौरिख(कन्नौज)। क्षेत्र के ककरहिया गांव में पत्नी की विदा करने आए औरैया के युवक को ससुरालियों ने बंधक बना लिया। दूसरे दिन तक युवक का मोबाइल स्विच ऑफ मिलने पर पहुंचे मौके पर पहुंचे परिजनों और ससुरालियों के बीच गाली-गलौज हुआ। चौकी पुलिस ने युवक को छुड़ाने का प्रयास किया तो नोकझोंक शुरू हो गई। किसी तरह पुलिस युवक को थाने ले आई और मामले की जांच शुरू की है।
गांव ककरहिया निवासी राधाकृष्ण ने दो साल पूर्व बेटी कंचन की शादी औरैया जनपद के दिबियापुर थाना के गांव पुरवाजोरन निवासी हरी सिंह उर्फ मोनू से की थी। शादी के बाद से कंचन और हरी सिंह के बीच अनबन चलने लगी। गर्भवती होने पर एक साल पूर्व कंचन मायके ककरहिया रहने चली आई थी। प्रसव के दौरान करीब छह माह पूर्व कंचन की नवजात बेटी की मौत हो गई थी। शनिवार को हरी सिंह ससुराल आकर पत्नी की विदा कराने आया, लेकिन यहां ससुरालियों ने उसे बंधक बना लिया और मोबाइल छीन लिया। जब दूसरे दिन रविवार की शाम तक परिजनों की फोन पर बात नहीं हुई तो शाम करीब सात बजे चाचा अतर सिंह परिवार के लोगों के साथ ककरहिया आ गए। यहां भतीजे को एक कमरे में बंधक बना देखा। इसके बाद ससुरालियों और हरी सिंह के परिवार के बीच गाली-गलौज होने लगा। इसकी जानकारी अतर सिंह ने हसेरन चौकी प्रभारी अरिमर्दन सिंह को दी। पुलिस बल के साथ पहुंचे जब चौकी प्रभारी ने हरी सिंह को छुड़ाने का प्रयास किया तो नोकझोंक शुरू हो गई। इसके बाद थाने से पुलिस बल पहुंच गया और हरी सिंह को मुक्त कराकर थाने ले आई। यहां अतर सिंह ने पुलिस को भतीजे के अपहरण की सूचना दी। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि पारिवारिक मामला है। इससे मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।