कन्नौज। जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने सोमवार को आठ बीज, कीटनाशक और खाद दुकानों पर छापा मारा। छापे की भनक लगते ही एक विक्रेता दुकान बंद करके भाग गया। इसलिए उसे नोटिस जारी किया गया है। जवाब न देने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी व प्रभारी जिला कृषि रक्षा अधिकारी संत लाल गुप्ता ने बताया कि हसेरन ब्लॉक के भाउलपुर में फौजी ट्रेडर्स नामक कीटनाशक विक्रेता को छापे की भनक लगते ही वह दुकान बंद करके भाग निकला। इसके अलावा उन्होंने ककरैया में राघव पाल बीज भंडार दुकान से पेस्टीसाइड का नमूना लिया। उन्होंने श्रीराम खाद भंडार सकरावा, बाला जी बीज भंडार खड़िनी समेत आठ दुकानों में छापेमारी की। इन दुकानों में कई जगह छोटी-छोटी कमियां मिलीं। इस पर उन्हें चेतावनी देकर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जिले में कई विक्रेताओं के लाइसेंस नवीनीकरण होना है पर दुकानदारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है। इस पर उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सही समय पर नवीनीकरण नहीं कराया तो लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
43 खाद के सैंपल जांच को भेजे
जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता ने बताया कि खरीफ की फसल में किसानों को खाद एवं बीज सही गुणवत्ता का मुहैया कराने को लेकर जिले में सघन अभियान चलाया गया। इसमें खाद के 43 सैंपल लेकर उन्हें जांच को भेजा गया है।