तिर्वा। दुकान बंद कर घर जा रहे एक दुकानदार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। घटना में दुकानदार घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को तीन भाइयों समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के बनपुरा नरायनपुर निवासी महेंद्र सिंह क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में एग्रो क्लीनिक दुकान चलाते हैं। रविवार रात आठ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। वह गांव के अमरीश के घर के सामने पहुंचे तभी पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही निवासी हरिशंकर, शिवशंकर, रामलखन के साथ दो अज्ञात लोगों ने महेंद्र पर हमला कर दिया। परिजनों ने घायल अवस्था में महेंद्र को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। महेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीन भाई हरिशंकर, शिवशंकर, रामलखन और दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल संजय शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।