सौरिख(कन्नौज)। घर से राम बरात देखने निकले हलवाई का शव टावर के पास संदिग्ध हालत में मिला। युवक का मुंह और सिर पहनी हुई बनियान, शर्ट से ढका हुआ था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार को नगर के मोहल्ला अंबेडकरनगर में ऋषि भूमि इंटर कॉलेज के पीछे मोबाइल टावर के पास संजय नगर निवासी सोनू तिवारी (28) पुत्र स्व. सज्जन तिवारी का शव मिला। सोनू का मुंह, सिर पहनी हुई बनियान और शर्ट से ढका था। सूचना पर सोनू के परिजन पहुंच गए। जानकारी पर पुलिस भी आ गई। भाई राहुल तिवारी और ऋषभ ने हत्या का आरोप लगाया है। परिजनाें ने बताया कि सोनू अविवाहित था। हलवाई का काम करता था। रविवार की रात वह नगर में निकलने वाली राम बरात देखने की बात कहकर घर से गया था। वापस नहीं लौटा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटनास्थल पर लगी भीड़
आंबेडकर नगर मोहल्ले में सोनू तिवारी का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। इससे कुछ ही देर में भीड़ लग गई। अपनी बनियान और शर्ट से मुंह, सिर ढके होने के कारण हर कोई सोनू की हत्या का अनुमान लगा रहा था। अब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद कारणों से पर्दा उठ सकेगा।