छिबरामऊ। अलीगढ़ से कानपुर तक जीटी रोड चौड़ीकरण के लिए तहसील के लगभग 27 गांव के किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया गया है। मुआवजा दिलाने को लेखपालों को एक सप्ताह में हिस्साकशी तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को तहसील में हड़ताल समाप्ति के बाद लेखपालों की बैठक में तहसीलदार अभिमन्यु कुमार ने कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा करें। खतौनी, अंश निर्धारण का कार्य तत्काल पूरा करें। जिन लेखपालों ने अपने खसरा जमा नहीं किए हैं, वह राजस्व निरीक्षक के माध्यम से जमा करें। मतदाता पुनरीक्षण कार्य में सुपरवाइजर के रूप में लगे लेखपाल अपने बीएलओ के कार्यों की समीक्षा करें तथा शिकायतें निस्तारित करें। विदित हो कि लेखपालों की हड़ताल के चलते बीस सितंबर के बाद से सरकारी कार्य ठप हो गए थे। हड़ताल समाप्ति के बाद अधिकारी कार्य में तेजी से जुट गए हैं।