गुरसहायगंज(कन्नौज)। मायके में रह रही प्रेमिका को दोस्तों के साथ बुलाने पहुंचे प्रेमी ने गांव में फायरिंग कर दी। इससे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी को तमंचे के साथ हिरासत में ले लिया है। उसके तीन दोस्त कार छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती का उन्नाव जनपद के एक गांव निवासी युवक से करीब दो साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। प्रेम-प्रसंग की जानकारी होने के बाद परिजनों ने युवती की शादी फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद के एक गांव में युवक के साथ कर दी थी। नौ सितंबर को मोहम्मदाबाद पहुंचकर युवक विवाहित प्रेमिका को लेकर कहीं चला गया था। पति ने मोहम्मदाबाद थाने में पत्नी के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कुछ दिन पूर्व युवती अपने मायके आई थी।
मंगलवार शाम को युवक अपने तीन दोस्तों के साथ कार लेकर प्रेमिका के मायके पहुंच गया। यहां उसके परिजनों ने प्रेमिका को साथ ले जाने से मना कर दिया। इससे युवक ने तमंचे से फायर कर दिए। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर उसके साथी भाग निकले। पुलिस ने कार के साथ तमंचे को कब्जे में लेकर प्रेमी को हिरासत में ले लिया। कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि प्रेमिका से मिलने उसका प्रेमी आया था। दोनों के बीच मुलाकात भी हुई। किसी बात पर विवाद हो गया। इस पर उसके साथी गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गए। गाड़ी को सीज कर दिया गया है। फायरिंग और तमंचा मिलने की बात गलत है।