हादसे के बाद मौके पर लगी भीड़।
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम(कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के अमोलर अंडर पास पर मंगलवार देर रात किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद खून से लथपथ युवक अचेत अवस्था में पूरी रात तड़पता रहा। बुधवार सुबह शौच को गए लोगों ने युवक को पड़े देखा। चौकी प्रभारी ने घायल युवक को एंबुलेंस से सीएचसी भेज दिया। यहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
बिल्हौर इलाके के गांव गुरधरा निवासी प्रमोद कुमार सक्सेना (30) पुत्र लल्लूराम अपनी बहन रेशमा देवी के घर दो दिन पहले बहेरिन कन्नौज आया था। वह मंगलवार को तालग्राम में रिश्तेदारी से देररात बाइक से वापस बहेरिन जा रहा था। अमोलर अंडर पास पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह बाइक समेत 50 मीटर दूर आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे की ग्रीन बेल्ट में गिर गया। सुबह शौच को जाते समय ग्रामीणों ने युवक को पडे़ देखा। युवक के मृत होने की आशंका से सनसनी फैल गई। लोगों की भीड़ जुट गई।
चौकी प्रभारी अमोलर सुभाष चंद्र ने उसे एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। यहां भी हालत में सुधार न होने पर कानपुर भेज दिया गया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजन शव लेकर मेडिकल कालेज वापस आ गए। मेडिकल कालेज में चौकी प्रभारी अमोलर सुभाष चंद्र ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की अभी शादी नहीं हुई थी। वह पिता के साथ खेती का काम करता था। प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह का कहना कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असलियत का पता चलेगा। युवक हेलमेट लगाए था।
एंबुलेंस चालक पुलिस के आने पर अस्पताल लेकर गया
कन्नौज। गंभीर रूप से घायल युवक को गुरसहायगंज से आई 108 एंबुलेंस का चालक बिना पुलिस के अस्पताल लेकर नहीं गया। इससे सिपाही धीरेंद्र को साथ भेजना पड़ा।
बहन ने जताई अनहोनी की आशंका
तालग्राम। बेहरिन निवासी रेशमा देवी पत्नी सूरज प्रसाद ने बताया कि भाई को दो लोग बाइक से बुलाकर ले गए थे। यह लोग अभी भी गायब हैं। इससे भाई के साथ अनहोनी की आशंका है। वहीं पुलिस वाहन की टक्कर से घायल होने की बात कह रही है। यह बात ग्रामीणों के गले नहीं उतर रही है। लोगों का कहना है कि बाइक अंडर पास से पचास मीटर से अधिक दूर गिरना समझ से परे है। हेलमेट अलग पड़ा था। बाइक के पास में चप्पलें भी पड़ी थीं। युवक जूता पहने था। इससे साबित होता है कि और भी लोग साथ में रहे होंगे। भतीजे शिवकुमार ने हत्या का आरोप लगाया है।