क्षेत्र के गांव बेहटा खास में 10 दिन से ट्रांसफार्मर फुंका होने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सब स्टेशन पर हंगामा किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपाइयों ने शीघ्र ट्रांसफार्मर की मरम्मत न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। साथ ही डीएम से शिकायत करने की बात कही है। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण पिछले 10 दिन से ग्रामीण बिजली-पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।
शुक्रवार को भाजपा की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रेखा त्रिपाठी के नेतृत्व में ग्रामीण अमन पांडेय, गुड्डी देवी, सीमा, आलोक कुमार, शिव कुमार, मानसिंह, हरिओम, गोपाल, हिमांशु, शैलेंद्र, गोलू, रेशू, बीनू सविता, संध्या त्रिपाठी आदि ने पहले गांव में जमकर नारेबाजी की और बिजली विभाग के अधिकारियों को जमकर कोसा। इसके बाद ग्रामीणों का हुजूम सब स्टेशन बहाबलपुर के ओर चल पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग से कई बार ट्रांसफार्मर बदले जाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका है। खराब ट्रांसफार्मर के चलते बिजली न मिलने से कई दिनों से बिजली के उपकरण शोपीस बने हुए हैं। लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरे गांव जाना पड़ रहा है। सबमर्सिबल मोटर न चलने से पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। उपकेंद्र बहाबलपुर के अधिकारियों से कई बार शिकायत की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है।