कन्नौज। सपा के गढ़ कन्नौज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को हुंकार भरेंगे। वे तिर्वा स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर मैदान में जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के साथ औरैया, इटावा और फर्रुखाबाद की भोजपुर विधानसभा के लोगों को संबोधित करेंगे। जिले में नरेंद्र मोदी की यह चौथी जनसभा होगी।
माना यह जा रहा है कि प्रधानमंत्री के तिर्वा में रैली करने से आसपास के जनपदों में माहौल बनेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने बताया कि 12 फरवरी को प्रधानमंत्री की जनसभा का कार्यक्रम आया है। इसके लिए तैयारियां की जा रहीं हैं।
तीन प्रधानमंत्री जिले में कर चुके हैं जनसभा
जिले में सबसे पहले 1971 में गुरसहायगंज में देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जनसभा की थी। जनसभा स्थल पर आज इंदिरा नगर मोहल्ले के नाम से जाना जाता था। इसके बाद 1986 में प्रदेश के मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के साथ देश के प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने गंगा पुल का उद्घाटन कर जनसभा की थी।
मोदी एक बार गुजरात के सीएम और दो बार बतौर पीएम रहते जिले में आए
2017 में गुरसहायगंज के आर्मी ग्राउंड और 2019 में तिर्वा के मां अन्नपूर्णा मंदिर मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा की है। इससे पहले 2009 के लोकसभा चुनाव में शहर के बोर्डिंग मैदान में नरेंद्र मोदी ने जनसभा की थी। उस समय वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे।