कन्नौज। सपा के प्रदेश महासचिव श्यामलाल पाल ने सोमवार को यहां कहा कि भाजपा सरकार शहीद किसान परिवारों की अनदेखी कर रही है। वह केवल हिंदूवादी एजेंडा से सरकार चला रही है, लेकिन हिंदू ही प्रताड़ित हो रहे हैं। हाथरस की घटना उदाहरण है।
समाजवादी पार्टी कार्यालय में सोमवार को प्रदेश महासचिव श्याम लाल पाल ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों का उत्पीड़न हुआ है। किसान आंदोलन में करीब सात सौ किसान शहीद हुए हैं। उन किसानों के साथ सरकार अनदेखी कर रही है। प्रदेश में सरकार हिंदूवादी के नाम पर ही चल रही है और हिंदुओं का ही उत्पीड़न हो रहा है। हाथरस में एक बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ। भाजपा के लोगों का नाम आया। प्रदेश के मुख्यमंत्री आरोपियों को बचाने का काम कर रहे हैं। लखीमपुर खीरी में मंत्री का बेटा आंदोलन कर रहे किसानों के ऊपर गाड़ी चढ़वा देता है। कार्रवाई के नाम पर भाजपा ने अनदेखी की।
इस बार हमारी पार्टी ने किसानों को 300 यूनिट फ्री बिजली और महिलाओं के लिए 1500 रुपये पेंशन देने की बात कही है। इन मुद्दों को लेकर ही पार्टी जनता के बीच जाएगी और बहुमत हासिल करेगी। वसीम रिजवी के धर्मपरिवर्तन के मुद्दे को भाजपा की चाल बताया है। इस दौरान सदर विधायक अनिल दोहरे और लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष अंशु पाल भी मौजूद रहे।