पुलिस हिरासत में खड़े आरोपी व बरामद बाइकें।
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख(कन्नौज)। पुलिस ने अपनी पीठ थपथपाने के लिए दंपती को गोली मारकर लूटने के आरोप में निर्दोष को जेल भेज दिया। तीन बाइक चोरों के पकड़े जाने पर पुलिस को असलियत पता चली। दोनों लुटेरों के नाम-पते भी पुलिस को मिल गए। इन्हीं बाइक चोरों ने लुटेरे दोस्तों को वारदात के लिए दिल्ली से चुराई अपाचे बाइक उपलब्ध कराई थी।
स्वाट टीम व पुलिस ने मंगलवार को चोरी की चार बाइकों के साथ अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एसपी के निर्देश पर स्वॉट टीम प्रभारी राकेश कुमार सिंह, विक्रम सिंह व प्रभारी निरीक्षक हरिश्याम सिंह सकरावा इलाके में 19 जुलाई को लूट के आरोपियों की तलाश में थे। नगला मदारी गांव में बबूल के जंगल के पास बाइक सवार तीन युवक संदिग्ध घूमते दिखे। पुलिस को देखकर यह भागने लगे। घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया गया। पूछताछ में इन्होंने अपना नाम अजयपाल उर्फ करू व अभिषेक गोस्वामी (निवासी नाहिली, घिरोर, जनपद मैनपुरी), अमन जाटव (निवासी नगला प्राणनाथ, घिरोर, मैनपुरी)बताया।
पकड़े गए तीनों आरोपियों ने बताया कि 19 जुलाई को ग्राम कुड़री निवासी रजनीश कुमार यादव से लूट की वारदात को उनके दोस्त अनुज मिश्रा उर्फ फुक्कड़ी (निवासी ग्राम दिखतमई, थाना बेवर) व दीपू उर्फ यशपाल (निवासी ग्राम गंगरवाला, थाना बेवर) ने अंजाम दिया था। दोस्तों को लूट के लिए उन्होंने दिल्ली से चुराई गई अपाचे बाइक दी थी। बाइक देने के एवज में लूट के माल में हिस्सा मिलना था। पकड़े जाने के डर से दोनों भागे हुए हैं। अब इन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही लूट का माल बरामद होगा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गोलू के जेल से छूटने की आस जगी
दिनदहाड़े गोली मारकर लूट में दंपती की निशानदेही व वाहन नंबर के बताने पर पुलिस ने इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के हसेरन गांव निवासी गोलू उर्फ अतुल पुत्र अमर सिंह को जेल भेज दिया था। गोलू के परिजन पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाकर उसे निर्दोष बता रहे थे। अभी तक पुलिस की जांच में जेल भेजे गए गोलू की कोई संलिप्तता नहीं मिली है। इसके बाद गोलू के जेल से छूटने की आस जग गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक हरिश्याम सिंह ने बताया कि दो फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर माल की बरामदगी की जाएगी।