विशुनगढ़। पिछले कई सालों में दर्ज गैंगेस्टर, शराब तस्करी व मारपीट के मामलों में नामजद सपा बूथ अध्यक्ष की पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोल दी है। हालांकि सपा नेता ने बताया कि कन्नौज जनपद के थानों में दर्ज मामलों में न्यायालय से दोष मुक्त किए जा चुके हैं।
एसपी अमित आनंद के निर्देश पर थानाध्यक्ष देवेश कुमार पाल ने अजय यादव गांव बहादुरपुर व हाल निवासी कस्बे विशुनगढ़ की हिस्ट्रीशीट खोली है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अजय यादव पर वर्ष 2020 में किशनी थाने में आबकारी अधिनियम, कोतवाली छिबरामऊ में लाॅकडाउन का उल्लंघन व महामारी फैलाने, थाना उसराहार में लाॅकडाउन का उल्लंघन का मामला है। इसके अलावा महामारी फैलाने, आबकारी अधिनियम व आपदा प्रबंध अधिनियम, साल 2021 में उसराहार थाने में गैंगस्टर अधिनियम, विशुनगढ़ थाने में मारपीट व गाली-गलौज व एक अन्य मामले में मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमे दर्ज हैं। सपा नेता अजय यादव ने बताया कि राजनीतिक विद्वेष के चलते उनके खिलाफ कार्रवाई कराई गई है। कई मामलों में वह दोषमुक्त घोषित किए जा चुके हैं।