छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर के सौ शय्या संयुक्त चिकित्सालय में लैब टेक्नीशियन की तैनाती होने से ताले में बंद मशीनें बाहर आने वाली हैं। ऐसे में अस्पताल में प्लेटलेट्स और प्लाज्मा तैयार होने की उम्मीद भी बढ़ गई है। पैक्ड आरबीसी भी तैयार होंगी।
चिकित्सालय में एलटी (लैब टेक्नीशियन) की तैनाती के बाद पैथोलॉजी में जांचों की संख्या बढ़ जाएगी। अस्पताल में सीबीसी जांच के अलावा लिवर, किडनी, डेंगू, टीबी, एचआईवी, हेपेटाइटिस बी और सी की जांच होने लगेंगी। खून के विभिन्न अवयवों को अलग कर प्लेटलेट्स और प्लाज्मा तैयार किया जाएगा। इसके अलावा पैक्ड आरबीसी(लाल रक्त कणिकाएं) भी तैयार होंगी। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को जांच के लिए बाहर की पैथोलॉजी पर नहीं जाना पड़ेगा।
वहीं डीएम के आदेश के बाद भी अभी तक अस्पताल में पैथोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं हो पाई है। जल्द तैनाती का अनुमान लगाया जा रहा है। इस संबंध में सीएमएस डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ और लैब टेक्नीशियन की तैनाती की मेल मिल गई है। अब अस्पताल में होने वाली जांचों की संख्या बढ़ जाएगी।