कन्नौज। जिले में कई दिनों से चोरों के आने की अफवाह इतनी तेजी से फैल रही है कि लोग दहशत में रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं। हालत यह हैं कि शहर और गांवों में बाहरी युवक को देखते ही भीड़ उन पर टूट पड़ रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरीसराय मोहल्ले में कबाड़ बेचने जा रहे युवक को चोर समझकर उसको रस्सी से बांधकर पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ से उसे छुड़ाया। पूछताछ में पता चला कि युवक कबाड़ी है। उसकी रस्सी से बंधी हालत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो की अमर उजाला पुष्टि नहीं करता है।
कबाड़ी युवक कबाड़ लेने गया था, तभी कुछ युवकों ने उसे पकड़ा और चोर-चोर का शोर मचा दिया। भीड़ ने पीटा बल्कि उसके पैर रस्सी से बांध दिए। पुलिस समय पर पहुंची नहीं होती तो स्थिति और बिगड़ सकती थी। लोगों ने बताया कि इससे पहले सरायमीरा में बजरिया के पास चोर-चोर की आवाज सुनाई दी। कुछ लोगों ने शोर मचाया और देखते ही देखते भीड़ जुट गई। तलाशी के बाद भी कोई पकड़ा नहीं गया। थोड़ी देर बाद लोग घरों को लौट गए। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार का कहना है कि चोरों की अफवाह फैलाकर निर्दोषों को पीटने के मामले में दोषियों पर रासुका व गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में रातों की निगरानी
गांवों में भी अफवाहों के कारण लोग रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं। युवकों की टोली हथियारों के साथ रात में घूमती नजर आ रही है। हालांकि अभी तक किसी चोर के पकड़ने की पुष्टि नहीं हुई है।