कन्नौज। बस में लगी आग बुझाने पहुंची दमकल टीम पानी को तरस गई। आसपास कहीं भी दमकल विभाग का वाटर हाइड्रेंट नहीं था। दमकल टीमें पानी के लिए फायर स्टेशन का चक्कर लगाने में समय बर्बाद करती रहीं। हादसे के दौरान फायर स्टेशन पर सिर्फ एक दमकल गाड़ी मौजूद थी।
जिले के अग्निशमन विभाग के पास आठ दमकल गाड़ियां हैं। इनमें तीन तिर्वा, तीन सदर क्षेत्र और दो छिबरामऊ तहसील के फायर स्टेशन के पास हैं। छिबरामऊ को आवंटित दो दमकलों में एक को प्रयागराज माघ मेले के लिए भेज दिया गया। इससे अब एक दमकल के भरोसे छिबरामऊ, सौरिख, तालग्राम जैसे कस्बों की जिम्मेदारी है। शुक्रवार को हादसे के बाद ट्रक और बस में आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने यूपी 112 को सूचना दी। यहां से अग्निशमन विभाग को तत्काल पहुंचने के आदेश दिए गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने के करीब एक घंटे बाद एक दमकल टीम साढ़े चार हजार लीटर की क्षमता वाले फायर टेंडर के साथ पहुंची। थोड़ी ही देर में पानी खत्म हो गया। बस और ट्रक लोगों के सामने जल रहे थे। आसपास पानी भरने के लिए वाटर हाइड्रेंट नहीं थे। दमकल टीम ने एक दो कोल्ड स्टोर से पानी भरने का प्रयास किया। इन दिनों कोल्ड स्टोर बंद होने के चलते दमकल टीम लौटकर फायर स्टेशन आई। यहां पानी भरने के बाद फिर रवाना हुई। मैनपुरी के भोगांव के अलावा तिर्वा से पहुंचीं दो अन्य दमकल टीमों ने फायर स्टेशन से पानी भरकर आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी एएमपी सिंह ने बताया कि फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियों को कस्बे से गुजर कर जाना पड़ता है। तंग सड़कों के कारण चालक कै रदा होते हुए करीब 12 किलोमीटर का चक्कर काटकर घटना स्थल पहुंची थी। लखनऊ से आग की जानकारी होते ही करीब आधा घंटे में दमकल मौके पर पहुंच गई थी।