छिबरामऊ (कन्नौज)। सौरिख रोड स्थित मां कालिका देवी मंदिर से पूर्वी बाईपास तक सड़क चौड़ीकरण अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। रविवार देर शाम सड़क निर्माण को लेकर कार्यदायी संस्था के ठेकेदार व एक दुकानदार के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
आरसीएल कंपनी के ठेकेदार मनोज कुमार पुत्र राजबहादुर सिंह निवासी पंजाबी कालोनी मैनपुरी ने बताया कि सौरिख तिराहे के पास दिनेश शाक्य के मकान के पास सड़क निर्माण रुका हुआ है। देर शाम उन्होंने जैसे ही निर्माण कार्य शुरू कराया दिनेश शाक्य, सुरेश शाक्य एवं सुनील शाक्य ने गाली गलौज करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। विरोध करने पर गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
वहीं दूसरे पक्ष से मोहल्ला भैनपुरा निवासी दिनेश चंद्र ने बताया कि वह एक पैर से निशक्त है। अपनी दुकान पर बैठा था। मनोज यादव ठेकेदार अपने तीन साथियों के साथ वहां आए और सड़क निर्माण को लेकर गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि जांच कराई जा रही है। दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।