सौरिख (कन्नौज)। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी दिव्यांग ई-रिक्शा चालक सुदीप को कृत्रिम अंग लगवाएंगे। उन्होंने शनिवार को फोन पर उससे बातचीत कर हाल जाना और हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
युवक कांग्रेस (युकां)प्रदेश प्रवक्ता वेंकटेश नारायण शुक्ला के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेसियों ने वीरभान नगला जाकर दिव्यांग सुदीप से बात की। वेंकटेश ने फोन पर सुदीप की युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी. वी. से बात कराई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सुदीप को कृत्रिम पैर लगवाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
वेंकटेश ने कहा कि पुलिस ने तमाचा दिव्यांग को नहीं बल्कि इंसानियत को मारा है। योगीराज में उत्तर प्रदेश पुलिस का यह अमानवीय चेहरा इंसानियत को शर्मसार कर रहा है। दिव्यांग सुदीप को शुक्रवार को सिपाही ने थप्पड़ मार कर घसीटते हुए थाने ले गया था। सुदीप गर्भवती पत्नी को लेकर अस्पताल जा रहा था। सड़क पर ई-रिक्शा खड़े करने पर सिपाही ने मारपीट की थी। कांग्रेसियों के प्रतिनिधिमंडल में धर्मेंद्र सविता, अब्दुल कलाम, राजू, साहिबे आलम, विनय सिंह, मधुर कुमार, ऋतु कुमार, शशिकांत गुप्ता, मलखान पाल, बाहर कुरैशी, पप्पू, उजैफ आदि कांग्रेस मौजूद रहे।