छिबरामऊ (कन्नौज)। एचटी लाइन तार के नीचे से गुजर रहे ट्रक में तार छू जाने से ट्रक में करंट दौड़ गया। इससे ट्रक में बैठे बाबा और पौत्र झुलस गए। बाद में गंभीर हालत में बाबा को सौ शय्या अस्पताल से मेडिकल कालेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
ग्राम पृथ्वीपुर निवासी बृजेंद्र कुमार पुत्र रघुनाथ कानपुर से कबाड़ लादकर गोविंदगंज पंजाब जा रहा था। छिबरामऊ पहुंचने पर वह ट्रक को लेकर अपने गांव चला गया। सुबह बृजेंद्र अपने भाई शिवशंकर व बाबा मसीचरन को साथ लेकर पंजाब को रवाना हुआ। खुबरियापुर से ताजपुर रोड मार्ग से गुजरते समय हाईटेंशन लाइन का तार ट्रक की बॉडी से छू गया। जिससे ट्रक में करंट दौड़ने लगा और पहिए जलने लगे।
चालक बृजेंद्र कुमार ने ट्रक से कूदकर खुद को बचाया। शिवशंकर ने कूदने का प्रयास किया पर उसका हाथ ट्रक की बॉडी से छू गया। इससे उसका हाथ झुलस गया। बाहर निकलने के प्रयास में बाबा मसीचरन का गमछा ट्रक में फंस गया। इससे उनका शरीर करंट के संपर्क में आया और जलने लगा। दोनो भाइयों ने हिम्मत दिखाकर उन्हें किसी तरह बाहर निकाला। इसी बीच आसपास खेतों में काम कर रहे लोग भी मौके पर पहुंच गए। आननफानन में दोनों घायलों को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया।