कन्नौज। हरी सब्जियों की महंगाई से जूझ रहे आम आदमी को अब प्याज ने भी रुला दिया है। पिछले एक सप्ताह में फुटकर बाजार में प्याज के भाव में 30 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। प्याज कुछ दिन पहले तक 35 से 40 रुपये किलो बिक रहा था, वह अब 60 से 70 रुपये किलो तक पहुंच गया है। थोक मंडी में भी प्याज 50 रुपये किलो से ऊपर बिक रहा है। इसका सीधा असर रसोई के बजट पर पड़ रहा है।
व्यापारियों के अनुसार बेमौसम बारिश के कारण नासिक और मध्य प्रदेश से आवक कम हुई है। नवरात्र के बाद त्योहारी सीजन में मांग बढ़ गई है। इसके चलते प्याज के दामों में उछाल आया है। पुराना स्टॉक खत्म होने और नया प्याज अभी बाजार में पूरी तरह न आने से कीमतें और बढ़ने की आशंका है। सब्जी विक्रेता रामबाबू ने बताया कि टमाटर और प्याज के बिना सब्जी बनती नहीं और दोनों ही इस समय महंगे हैं।
ग्राहक आधा किलो की जगह पाव भर प्याज लेकर काम चला रहे हैं। गृहिणियों का कहना है कि 300 रुपये की सब्जी में अब दो दिन की भी सब्जी नहीं आ रही। फुटकर बाजार में अन्य हरी सब्जियों के संभावित भाव -फुटकर बाजार में हरी सब्जियों के भाव भी आसमान पर हैं। महंगाई की यह मार दिवाली बाद भी जारी रहने की संभावना है। लोगों को उम्मीद है कि अगले 15 दिनों में नई फसल की आवक बढ़ने से दामों में कुछ नरमी आएगी।
स्थानीय फुटकर बाजार में हरी सब्जियों के भाव:
टमाटर : 60 - 70 रुपये किलो
आलू : 15 - 20 रुपये किलो
प्याज : 60 - 70 रुपये किलो
भिंडी : 50 - 60 रुपये किलो
लौकी : 40 - 50 रुपये किलो
तरोई : 50 - 60 रुपये किलो
परवल : 60 - 80 रुपये किलो
करेला : 50 - 60 रुपये किलो
बैंगन : 40 - 50 रुपये किलो
शिमला मिर्च : 100 - 120 रुपये किलो
फूल गोभी : 60 - 70 रुपये किलो
पत्ता गोभी : 40 - 50 रुपये किलो
धनिया पत्ता : 200 - 250 रुपये किलो
हरी मिर्च : 80 - 100 रुपये किलो
अदरक : 120 - 150 रुपये किलो
लहसुन : 150 - 200 रुपये किलो