इंदरगढ़। ट्रक की टक्कर से बुधवार को बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां घायलों की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में एक युवक ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के नान्हेपुर गांव निवासी सनी (20) बुधवार को बुआ के लड़के धम्मापुर्वा गांव निवासी सनी (19) के साथ बाइक से तिर्वा जा रहा था। बाइक सवार युवक अगौस गांव से पहले स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। तभी तिर्वा से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने घायलों को कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय धम्मापुर्वा गांव निवासी सनी ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष पारुल चौधरी ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बुझ गया घर का इकलौता चिराग
धम्मापुर्वा गांव निवासी सनी घर का इकलौता बेटा था। इसी साल हाईस्कूल के पेपर देकर घर पर ही रहता था। हादसे के दौरान बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। हादसे में घर का चिराग बुझ गया। घटना से परिजनों का हाल-बेहाल हो गया।