कन्नौज। कोविड-19 टीकाकरण का प्रमाणपत्र पाने की प्रक्रिया को सरकार ने आसान बना दिया है। यह प्रमाणपत्र रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर पाया जा सकता है। इसके लिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने व्हाट्सएप नंबर 9013151515 जारी किया है। इस पर संदेश भेजकर वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र के साथ कोविड-19 से जुड़ी अन्य जानकारियां भी प्राप्त की जा सकती हैं।
कोविड टीकाकरण प्रमाणपत्र की जरूरत बढ़ गई है। इसे यात्रा के दौरान मांगा जा सकता है। इसके अलावा भी मांग की जा सकती है। यह प्रमाणपत्र अब व्हाट्स एप पर मंगाया जा सकता है। कोविड-19 से जुड़ी जानकारी या टीकाकरण प्रमाणपत्र पाने के लिए व्हाट्स एप नंबर 9013151515 को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल की संपर्क लिस्ट में सेव करना होगा। इसके बाद हाय का संदेश भेजें। इसके बाद एक से आठ तक विकल्प आएंगे। इनमें से किस तरह की जानकारी चाहते हैं, उस नंबर को दर्ज कर दें। हिंदी में जानकारी की भी सुविधा है। इसके लिए हिंदी टाइप करना पड़ेगा। इसके बाद मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) आएगा। इसे दर्ज करने के बाद मांगी गई जानकारी या कोविड टीकाकरण का प्रमाणपत्र स्क्रीन पर होगा। एक मोबाइल नंबर पर ज्यादालोगों के टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन होने पर प्रमाणपत्र के लिए क्रम संख्या देनी होगी।
क्या-क्या मिल सकती जानकारी
पहले विकल्प में कोविड-19 के लक्षण हैं तो क्या करें, दूसरे में टीकाकरण केंद्र, प्रमाणपत्र डाउनलोड करने, अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न, तीसरे में कोविड-19 पर नवीनतम अपडेट और उपयोगी अलर्ट, चौथे में पेशेवर सलाह और प्रतिरक्षा में सुधार के तरीके हैं। पांचवे विकल्प में सहायता कहां से प्राप्त करें(राष्ट्रीय व राज्य स्तर से), छठा विकल्प कोविड से जुड़े मिथक और सच्चाई, सातवां टुगेदर वी कैन सक्सेस स्टोरीज एंड पॉजिटिव हारमोनीज और आठवां व अंतिम विकल्प कोरोना वायरस पर जानकारी, लक्षण और जोखिम कैसे कम करें, है।
यात्रा के दौरान मांगा जा सकता है प्रमाणपत्र
कोविड टीकाकरण का प्रमाणपत्र अपने देश के साथ ही विदेश यात्रा पर जाने के दौरान मांगा जा सकता है। अगर आपने टीके की दोनों डोज ली हैं तो उसका प्रमाणपत्र डाउनलोड कर अपने पास सुरक्षित रख लें। मुंबई में अब लोकल ट्रेन का पास उन्हीं लोगों को जारी होगा जिन्होंने टीके की दोनों डोज लगवा ली हैं।