कन्नौज। उर्वरक की दुकानों पर निर्धारित से अधिक मूल्य पर यूरिया बेचने की शिकायत पर सोमवार को कृषि विभाग ने दो विक्रेताओं को नोटिस जारी किया है। एक विक्रेता का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। जिला कृषि अधिकारी ने विक्रेताओं को निर्धारित दाम में खाद बेचने के निर्देश दिए हैं। दुकान पर नोटिस चस्पा कर बिक्री बंद और खाद आपूर्ति पर रोक लगा दी है और स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने बताया कि जिला कंट्रोल रूम में किसानों की शिकायत आई थी। उन्होंने बताया कि ठठिया क्षेत्र के श्याम नगर स्थित मुखिया खाद भंडार और छिबरामऊ क्षेत्र के आरके एजेंसी के विक्रेता ने अधिक दाम में यूरिया दे रहे हैं। इसका वीडियो बनाकर किसी ने जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता को भेज दिया। वीडियो के आधार पर कृषि अधिकारी ने दोनों विक्रेताओं को नोटिस जारी करते हुए सप्ताह भर के अंदर जवाब देने को कहा है। जवाब न देने की स्थिति में लाइसेंस निलंबित करने की चेतावनी दी है। इधर नरमऊ निवासी किसान प्रशांत कुमार ने कृषि अधिकारी को न्यू किसान खाद भंडार तेराजाकेट के विक्रेता पर अधिक दाम में यूरिया बेचने का आरोप लगाकर लिखित शिकायत की है। इसके बाद जांच कराकर नोटिस देते हुए विक्रेता का लाइसेंस निलंबित कर दिया। उन्होंने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए कि निर्धारित मूल्य में किसान को खाद बेचें। अगर कहीं विक्रेता अधिक मूल्य में खाद बेचता है तो किसान विभाग में आकर लिखित शिकायत कर सकते हैं। शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।