ठठिया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर आलू मंडी के पास कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई और पुत्र घायल हो गया। घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
क्षेत्र के भुलभुलियापुर गांव निवासी कृपाल सिंह (55) खेतीबाड़ी करते थे। सोमवार को फिरोजाबाद से आए रिश्तेदार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर छोड़ने के लिए बेटे सूरज कुमार (19) के साथ बाइक से गए थे। रिश्तेदार को छोड़कर पिता-पुत्र आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड से घर वापस आ रहे थे। आलू मंडी के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टर ने कृपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी। घायल पुत्र की हालत स्थिर बनी हुई है। थानाध्यक्ष देवेश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।