विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए कलक्ट्रेट परिसर में नामांकन मंगलवार से शुरू हो जाएंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कलक्ट्रेट पहुंचने वाले मार्गों पर बैरीकेडिंग लगाई जा रही है। वहीं, रेलवे रोड गेट को बंद कर दिया जाएगा।
विधानसभा निर्वाचन प्रक्रिया के तहत जिले में 24 जनवरी से प्रत्याशी कलक्ट्रेट परिसर में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश चंद्र पांडेय ने रविवार को कलक्ट्रेट पहुंच कर सुरक्षा के इंतजाम परखे। उन्होंने बैरीकेडिंग कर रहे कर्मचारियों को मजबूती से बांस बल्ली बांधने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि कन्नौज, छिबरामऊ व तिर्वा विधानसभा से आने वाले प्रत्याशियों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाऐ जाएंगे। इसी आधार पर बैरीकेडिंग लगाने की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्याशी के अलावा उनके प्रस्तावक को प्रवेश देने की व्यवस्था होगी। अन्य किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रत्याशियों के साथ आने वाले समर्थकों को रोकने के लिए तिर्वा रोड कलक्ट्रेट तिराहे के निकट बैरियर लगाया जाएगा। इसके अलावा कलक्ट्रेट रोड पर बने लोहे के गेट पर भी सघन तलाशी होगी। इन दोनों स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। बिना इजाजत के कोई भी व्यक्ति कलक्ट्रेट में प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके अलावा नामांकन कक्ष के बाहर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। सुरक्षा को देखते हुए रेलवे रोड गेट को बंद कर दिया जाएगा। इस गेट पर जवान तैनात रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर जवान गेट को खोलेंगे और बंद करेंगे।