कन्नौज। नवरात्र पर्व पर बुधवार को जिले भर में कन्या भोज कार्यक्रमों की
धूम मची रही। जगह-जगह लोगों ने कन्याओं को कतारबद्ध ढंग से बैठाने के बाद
भोजन कराया। कहीं पूड़ी, सब्जी,खीर तो कहीं हलवा, दही, जलेबी, केला आदि
फलों को खिलाकर पुण्य अर्जित किया। पूरे दिन मंदिरों में भी जयकारे गूंजते
रहे। वहीं घरों में भी उपवास रखे लोगों ने हवन पूजन कर आहुतियां दीं।
नसिरापुर
गांव स्थित कोल्डस्टोरेज में बने दुर्गा मंदिर में सुबह से ही भीड़ लगी।
दोपहर करीब 10 बजे से कन्याओं को बुला-बुलाकर भोज खिलाया गया। इस दौरान
लालजी मिश्रा आदि लोगों ने कन्याओं को दक्षिणा भी प्रदान की। उधर नवदुर्गा
उत्सव मकरंदनगर में आयोजित की गईं विभिन्न प्रतियोगिताओं का परिणाम घोषित
कर दिया गया है। विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं
कन्या भोज एवं भंडारा के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कलश
सजाओ प्रतियोगिता में कन्नौज पब्लिक स्कूल के छात्र हर्ष शुक्ला, अभय
गुप्ता, चेतन कटियार, यशपाल को प्रथम, सरस्वती ज्ञान मंदिर चौहट्टा की
छात्रा सृष्टि, रिया, दिशा को दूसरा, गोमती देवी गर्ल्स इंटरकालेज की
छात्रा आंचल शुक्ला, आंचल गुप्ता, शारदा देवी को तृतीय स्थान मिला। मेहंदी
प्रतियोगिता में एसडी गर्ल्स इंटरकालेज की आयुषी सिसौदिया प्रथम, गुरुकुल
अकादमी की अंजली यादव द्वितीय व कन्नौज पब्लिक स्कूल की तृप्ति पाल तृतीय,
रंगोली में गोमती देवी गर्ल्स इंटरकालेज की छात्रा आंचल, प्रेमश्री, कौशकी,
वैष्णो पहले, एसडी गर्ल्स कालेज की छात्रा दिव्या, सौम्या, कृतिका, भावना
दूसरे व केके इंटरकालेज के शिवांक, मयंक, नितिन तीसरे स्थान पर रहे।
चित्रकला
प्रतियोगिता में कन्नौज पब्लिक स्कूल के रवनीत कौर प्रथम, केबीएस मेमोरियल
पब्लिक स्कूल की आयुषि मिश्रा द्वितीय व आकाश शिक्षा सदन मकरंदनगर की
छात्रा गौरी दुबे तृतीय रहीं। माया देवी इंटरकालेज की छात्रा प्रिंसी
पांडेय पुत्री दिनेश पांडेय निवासी डाक बंग्ला रोड, एसडी गर्ल्स इंटरकालेज
की छात्रा अस्मिता राय पुत्री अजित राय, कन्हैयालाल सरस्वती विद्या मंदिर
इंटरकालेज के छात्र आर्यन प्रताप सिंह पुत्र महेंद्र प्रताप सिंह को
जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने नगर गौरव 2015 का पुरस्कार देकर सम्मानित
किया। इस दौरान पूर्व चेयरमैन सुनील गुप्ता ने प्रतियोगिता के विजेताओं को
सम्मानित किया।