छिबरामऊ। छोटे भाई की पत्नी को दवा दिलाकर मां के साथ लौट रहे युवक की बाइक में रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल युवक व छोटे भाई बहू को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि महिला को गंभीर हालत में तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम औराई निवासी मनीष कुमार उर्फ पिंकू (32) बुधवार की शाम चार बजे छोटे भाई राहुल की पत्नी प्रीति (22) को दवा दिलाने के लिए करमुल्लापुर स्थित नलकूप संख्या सात के पास आए थे। साथ में मां शिवदेवी (50) भी थीं। नेशनल हाईवे के डिवाइडर के कट को पार कर दूसरे लेन के लिए मुड़ रहे थे। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार जयपुर डिपो की रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। बस चालक शिवदेवी को कुचलते हुए बस को लेकर मौके से भाग निकला।
जसोदा टोल प्लाजा पर पुलिस ने चालक समेत बस को पकड़ लिया। उधर, हादसे के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस बुलाकर घायल मनीष कुमार उर्फ पिंकू व प्रीति को अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। प्रीति को तिर्वा मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। इस बीच हादसे की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। एक साथ परिवार के दो सदस्यों की मौत से चीख पुकार मची थी। मनीष खेती कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी पत्नी ममता के अलावा पुत्र अंशुल व बेटी यशनवी का रो रोकर बुरा हाल था। वहीं, शिवकुमारी के चार पुत्र मनीष, राघव उर्फ दिनेश, राहुल व अभिषेक हैं। इनमें अभिषेक अभी अविवाहित है।
डंपर की टक्कर से वृद्धा घायल, रेफर
छिबरामऊ। नगर के फर्रुखाबाद रोड स्थित इंदिरा आवास कालोनी निवासी मुन्नी (60) बुधवार की दोपहर दो बजे घरेलू सामान की खरीदारी करने फर्रुखाबाद चौराहे की तरफ जा रही थीं। कालोनी से कुछ दूर पहुंचते ही तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। पैर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद डंपर चालक ने भागने का प्रयास किया पर लोगों ने पकड़ कर कस्बा चौकी पर खड़ा करा दिया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। पैर व शरीर में गंभीर चोट होने के कारण डाक्टर ने उन्हें तिर्वा मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। घायल मुन्नी देवी की पौत्री आराधना ने कार्रवाई के लिए डंपर चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। संवाद
-
मेड़ काटने का विरोध करने पर मारपीट
विशुनगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर निवासी रवींद्रनाथ ने बताया कि 21 नवंबर की दोपहर तीन बजे गांव के ही एक युवक ने ट्रैक्टर से उसके खेत की मेड़ काट दी। विरोध करने पर गालीगलौज कर मारपीट कर दी। आसपास के लोगों के आने पर वह जान से मार देने की धमकी देकर भाग गया। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी विनोद कुमार कश्यप ने बताया प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है, जांच की जा रही है। संवाद