छिबरामऊ। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति व ससुरालीजनों ने विवाहिता के साथ मारपीट की। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से इन लोगों ने उसे तेजाब पिला दिया। इसके बाद गंभीर हालत में सौरिख रोड स्थित मां कालिका देवी मंदिर के पास छोड़कर भाग गए। पीड़ित महिला ने मंगलवार को पुलिस को तहरीर दी है।
ग्राम अकबरपुर निवासी छाया ने बताया कि पिता की मौत के बाद मां ने उसकी शादी 29 मई 2023 को एटा के थाना अलीगंज अंतर्गत ग्राम विजैदेपुर निवासी एक युवक से की थी। शादी के बाद से पति समेत अन्य ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से संतुष्ट नहीं थे। दो लाख रुपये की मांग करते हुए अक्सर गालीगलौज व मारपीट करते हुए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि 20 अप्रैल को पति समेत अन्य ससुरालीजनों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे तेजाब पिला दिया। इस कारण शरीर के अंदरुनी हिस्से में छाले पड़ गए। इसके बाद कार में मारपीट करते हुए छिबरामऊ सौरिख मार्ग स्थत मां कालिका देवी मंदिर के पास छोड़कर भाग गए। इस संबंध में कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पीड़िता के ससुराल पक्ष को बुलाया गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।